बिलावर। कस्बे सहित इलाके के अन्य कई दर्जनों गांवों में इन दिनों बंदरों की बढ़ रही संख्या से लोग काफी परेशान हैं। बिलावर कस्बे में बंदरों की इतनी अधिक संख्या है कि किसी भी गली मोहल्ले में हर दिन आतंक मचाते हुए देखा जा सकता है। बिलावर कस्बे के साथ-साथ अन्य कई गांवों में भी बंदरों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि किसानों ने फसलें लगाना छोड़ दी है।
कस्बे के एडीसी बिलावर कार्यालय, मुंसिफ कोर्ट, तहसीलदार ब्लॉक कार्यालय, मुख्य बाजार, नगर कमेटी के अधिकतर वार्डों में इन दिनों सैकड़ों की संख्या में बंदर मौजूद हैं। इन बंदरों की वजह से लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती है। कई बार मुख्य बाजार से गुजरने वाले लोगों के हाथों पर से झपट मारकर सामान छीन कर ले जाते हैं। स्थानीय नागरिक बिशन दास ने बताया कि जब बंदर झुंड में इकट्ठे होकर निकलते हैं तो इन पर काबू पाना बड़ा मुश्किल हो जाता है। किसान सुभाष सिंह ने बताया कि ज्यादातर किसानों ने बंदरों की बढ़ती संख्या की वजह से कई प्रकार की फसलें लगाना छोड़ दी हैं। किसान भूषण कुमार ने कहा कि 50% से अधिक फसल बंदरों के कारण तबाह हो जाती है। इससे खेतों में की गई मेहनत का फल पूरी तरह से किसानों को नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने सरकार से मांग की है के जल्द से जल्द इलाके में बढ़ रही बंदरों की संख्या पर अंकुश लगाने के लिए कोई योजना बनाई जाए। बंदरों की बढ़ती हुई संख्या पर अंकुश लगाया जाए।