केंद्रीय विद्यालय कठुआ प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते अभिभावक। अमर उजाला
- फोटो : KATHUA
कठुआ। टीचर्स पैरेंट्स मीटिंग में उचित प्रबंध नहीं होने पर अभिभावक बिफर गए। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। आक्रोशित अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए कहा कि उन्हें स्कूल की ओर से पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग के लिए बुलाया था, लेकिन कार्यक्रम के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। इससे अभिभावकों को कड़ी धूप और गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। विशाल सलगोत्रा ने कहा स्कूल में किसी प्रकार का कोई भी प्रबंधन नहीं है। मीटिंग को बुलाए गए अभिभावकों के साथ ऐसा सलूक हो रहा है, तो स्कूल में बच्चों के साथ क्या होता होगा उसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है। सरकार ने क्षेत्र के लोगों को केंद्रीय विद्यालय बेहतर शिक्षा के लिए मुहैया करवाया है, लेकिन स्कूल प्रशासन का ढुलमुल रवैया बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कहा स्कूल में न तो पर्याप्त स्टाफ है और न ही कोच हैं। हालांकि स्कूल में बड़ा खेल मैदान उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्कूल में हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाई है, लेकिन स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के चलते सुविधाओं का फायदा बच्चों को नहीं मिल रहा है। राजिंद्र सिंह ने कहा कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा के लिए भी स्कूल प्रशासन गंभीर नहीं है। बच्चे आधी छुट्टी के समय स्कूल के पास झाड़ियों में चले जाते हैं। ऐसे में बरसात के मौसम में जहरीला जीव उन्हें काट सकता है। वहीं, स्कूल के शौचालय के अंदर अश्लील शब्द लिखे हुए हैं, जिनका बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने जिला उपायुक्त जो विद्यालय समिति के चेयरमैन भी हैं से स्कूल प्रबंधन में सुधार लाने की मांग की है।