बिलावर। उपमंडल की मकवाल पंचायत के वार्ड 4 में एक नवनिर्मित पोल्ट्री फॉर्म की तीसरी छत अचानक गिर गई। इससे नवनिर्मित इमारत में काम करने वाले पांच मजदूरों में से एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वीरवार को दूसरे राज्यों से रोजी रोटी की तलाश में आए 5 मजदूर नवनिर्मित पोल्ट्री फार्म की तीसरी छत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हादसा हो गया और छत की बीम मजदूरों के ऊपर गिरी गई। पोल्ट्री फार्म का निर्माण करवाने वाले जगदीश सिंह दान जसधार निवासी और अन्य आसपास के लोगों को घटना का पता चला तो उन्होंने अचेत अवस्था में सभी पांच मजदूरों को इलाज के लिए प्राथमिक उपचार केंद्र रामकोट पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मजदूर सुनीता विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों को इलाज के लिए उप जिला अस्पताल बिलावर पहुंचाया गया, जिनकी हालत स्थिर बनी हुई है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृत महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। 35 वर्षीय मृत महिला पश्चिम बंगाल की निवासी है और मौजूदा समय में वह अपने परिवार के साथ छलां रामकोट में रहती थी। अन्य 4 गंभीर हुए लोगों की पहचान 13 वर्षीय अनिला छत्तीसगढ़ निवासी, 28 वर्षीय संतोष वारी छत्तीसगढ़ निवासी, 45 वर्षीय प्रकाश मीरी छत्तीसगढ़ निवासी और 38 वर्षीय रंजीत पश्चिम बंगाल निवासी के रूप में हुई है। इस संदर्भ में थाना प्रभारी बिलावर इंस्पेक्टर सुनील शर्मा ने बताया कि धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच पुलिस कर रही है।