कठुआ। कठुआ ब्राह्मण सभा के नए प्रधान का चुनाव करने के लिए सभा के सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया। सभा के प्रधान का कार्यभार संभाल रहे रजनी कांत शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान कुछ सदस्यों ने नए प्रधान का चुनाव मतदान के माध्यम से करवाने की सिफारिश की, जिसे मौजूदा प्रधान ने मंजूर करते हुए सभा की अगली बैठक में चुनावी प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
बैठक के दौरान शशिकांत शर्मा ने कहा कि मौजूदा दौर में हमें सभा को विस्तार देने की जरूरत है, ताकि सभा बिरादरी के सभी सदस्यों से जुड़ सके। इसके लिए उन्होंने सभा के महिला प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ जैसे उपखंड बनाने की वकालत की। वहीं शशि शर्मा ने कहा कि सभा को धार्मिक कार्यों के अतिरिक्त सामाजिक कार्य भी करने चाहिए। इस दौरान सभा के कुछ सदस्यों ने इंजीनियर वीरेंद्र शर्मा को अपना प्रधान बनाने की घोषणा की। वहीं, कुछ सदस्यों ने सुरेंद्र मेहता को प्रधान बनाए जाने का समर्थन किया। इस दौरान रविवार को होने वाली बैठक में ही प्रधान के चुनाव के लिए कोई कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सुरेंद्र मेहता, राजेश मेहता, सुनील शर्मा, दीपक पराशर, योग राज शर्मा, दर्शन शर्मा, सुभाष शर्मा, राजेंद्र कुमार आदि भी उपस्थित रहे।