शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष एवं पंजाब के संगरूर से सांसद सिमरनजीत सिंह मान रविवार को लखनपुर में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए कठुआ पहुंच गए। कोर्ट में दायर की गई याचिका की तारीख से एक दिन पहले कठुआ पहुंचकर वह एक होटल में रुके हैं जबकि सांसद मान के प्रदेश में प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
रविवार को शाम साढ़े छह बजे के लगभग सिमरनजीत सिंह मान कठुआ के एक निजी होटल में पहुंचे, जिसकी सुरक्षा एजेंसियों को भनक नहीं लग सकी जबकि पुलिस की ओर से सांसद मान की सुनवाई की तारीख को देखते हुए लखनपुर में सोमवार को पुलिस तैनाती को लेकर तैयारियां की गई थीं। लेकिन बिना सुरक्षा के ही मान कठुआ जिले में दाखिल होकर मुख्यालय तक पहुंच गए।
मामले की जानकारी मिलते ही जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे से सटे होटल के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। ज्ञात रहे कि बीते महीने 17 अक्तूबर को सिमरनजीत सिंह मान के जम्मू कश्मीर में प्रवेश पर रोक लगाते हुए उन्हें लखनपुर में ही रोक दिया गया था। जहां उन्होंने तीन दिन धरना देते हुए चौथे दिन वापसी की थी। इस दौरान कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जहां से 14 नवंबर को सुनवाई की अगली तारीख तय की गई थी।