कठुआ। उपजिला अस्पताल बसोहली में वीरवार को दिव्यांगता आकलन शिविर का आयोजन किया गया। विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने शिविर का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंप में उपलब्ध सुविधाओं, पंजीकरण प्रक्रिया तथा चिकित्सा सेवाओं की बारीकी से समीक्षा की और यह सुनिश्चित किया कि सभी लाभार्थियों को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। कैंप में विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांगजन बड़ी संख्या में पहुंचे और सेवाओं का लाभ उठाया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी लाभार्थी को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित की जाएं।