बिलावर। स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन और सुधार करने के उद्देश्य से बिलावर के विधायक सतीश शर्मा ने क्षेत्र के आठ सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों का मंगलवार को निरीक्षण किया। मकवाल, रामकोट, नगरोटा गूजरु, ऊचापिंड, मांडली, कोहग, फिंतर और भड्डू के स्वास्थ्य केंद्र में विधायक ने मरीजों का हाल-चाल जाना और उन्हें पेश आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की। विधायक ने दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता, कर्मचारियों की उपस्थिति और आपातकालीन सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। इस मौके पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर बिलावर डॉ. हरविंदर सिंह मौजूद रहे। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्टाफ और मरीजों द्वारा उठाए गए मुद्दों के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के अनुकूल माहौल बनाए रखने पर भी जोर दिया। संवाद