बिलावर। महानवमी के पावन अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर लोगों ने घरों में कन्या पूजन किया और छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना की। कन्याओं को भोजन करवाने के साथ दक्षिणा और उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। सोमवार को श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, क्षेत्र में परंपरा के अनुसार लोगों ने नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों में साख का विसर्जन भी किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार के सुख-शांति की प्रार्थना की। संवाद