बिलावर। कोरोना महामारी की रोकथाम और बचाव के लिए आयुष विभाग की ओर से उपजिला बिलावर के परनाला गांव में लोगों को जागरूक किया गया और निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। आयुष विभाग की डॉ. कीर्ति महाजन और डॉ. रजनीश वारिया ने पंचायत घर परनाला में कई ग्रामीणों को कोरोना वायरस के बारे में जागरूक किया और रोग प्रतिरोधक शक्ति बढ़ाने के लिए सलाह भी दी। इस मौके पर डॉक्टरों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर जाने से पहले हमेशा मास्क का प्रयोग करें और सामाजिक दूरी का ख्याल रखें। वहीं डॉक्टरों ने कई प्रकार के घरेलू नुस्खों का प्रयोग करने की सलाह भी लोगों को दी। इस मौके पर विभाग की ओर से करीब 85 लोगों को निशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयां भी वितरित की गईं। इस मौके पर पंचायत के सरपंच-पंचों सहित कई ग्रामीणों ने भाग लिया और आयुष विभाग की ओर से लगाए गए शिविर का लाभ उठाया। संवाद