बिलावर के बाजार में चूड़ियां खरीदने में व्यस्त महिलाएं। संवाद
- फोटो : KATHUA
बिलावर। हिंदू महिलाओं के बीच करवा चौथ के त्यौहार का विशेष महत्व रहता है। पति की दीर्घायु के लिए रखे जाने वाले करवा चौथ व्रत से पूर्व वीरवार को उपमंडल के कस्बों और गांवों में स्थित बाजारों में महिलाओं की काफी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने करवा चौथ की खरीदारी उत्साह के साथ किया। 24 अक्तूबर रविवार को करवा चौथ का व्रत रखा जाएगा। इसके लिए मनियारी सहित कई अन्य क्षेत्रों में दुकानें सजा दी गई हैं। वीरवार सुबह से लेकर शाम तक बाजारों में स्थित सभी दुकानों पर महिलाओं की भीड़ जुटी रही। महिलाओं ने रेडीमेड गारमेंट्स और अन्य व्रत संबंधित सामान की खूब खरीदारी की। ग्रहणी मनीषा शर्मा, कंचन बाला, पदमा देवी और अन्य महिलाओं ने बताया कि करवा चौथ का व्रत निकट आ गया है, इसके चलते वह बाजार में खरीदारी करने के लिए पहुंची है। इस मौके पर बाजारों में स्थित सुनार की दुकानों पर भी महिलाओं ने खरीदारी की। दुकानदार नरेश कुमार, सुभाष गुप्ता, राहुल शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष भी कोरोना महामारी के चलते बाजार बंद रहे थे, जिसके चलते उन्हें बड़ा नुकसान पहुंचा। दुकानदारों ने कहा कि इस वर्ष करवा चौथ को लेकर बाजारों में भीड़ जुट रही है, जिसके चलते आने वाले दिनों में व्यापार एक बार फिर पटरी पर लौटने की संभावना है।