बिलावर। उपमंडल में रविवार को भीषण गर्मी से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा, जिससे लोग बेहाल दिखे। दोपहर 12 बजे के बाद बहुत कम लोग अपने घरों से बाहर निकले, इससे ज्यादातर सड़कें सुनसान दिखीं। पिछले एक पखवाड़े से इलाके में बारिश नहीं हुई है। रविवार को तेज गर्मी के कारण उपमंडल मुख्यालय का मुख्य बाजार सुनसान दिखा और दुकानदारों को मंदी के दौर से गुजरना पड़ा। दुकानदार नरेश कुमार ने बताया कि तेज धूप के चलते बहुत कम ग्राहक बाजारों की तरफ रुख कर रहे हैं। दुकानदार सुरेश कुमार ने कहा कि कुछ दिन पूर्व व्यापार पटरी पर लौटा था, लेकिन तापमान बढ़ने से लोग बाजारों में पहुंच नहीं रहे। इसका असर व्यापार पर पड़ रहा है।