संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिलावर। टिल्ला देवल गांव में रामलीला का मंचन जारी है। रविवार की रात को लंका दहन और रावण हनुमान संवाद के दृश्य का मंचन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग रामलीला का आनंद उठाने पहुंचे।
मंचन के दौरान जैसे ही हनुमान जी ने लंका को आग लगाई, तो पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। पहले दृश्य में हनुमान जी ने समुद्र को पार कर लंका में प्रवेश किया। जैसी ही वह अशोक वाटिका में पहुंचे तो वहां पर रावण और सीता माता का संवाद चल रहा था। इसके बाद हनुमान जी ने भगवान श्रीराम की मुद्रिका माता सीता की गोद में डाली तो आवाज आई कि अपनी पहचान बताएं और भगवान श्रीराम के बारे में जानकारी दें। उसके बाद अशोक वाटिका का दृश्य मंचित किया गया और अशोक वाटिका में हनुमान का युद्ध राक्षसों से हुआ। इसके बाद रावण के पुत्र मेघनाद ने हनुमान को बंदी बनाया और लंका के दरबार में ले गया। इसके बाद भगवान हनुमान और रावण के बीच संवाद हुआ हनुमान जी ने रावण को बहुत समझाया कि वह माता जानकी को भगवान श्रीराम के पास पहुंचा दें, लेकिन रावण ने हनुमान जी की बात नहीं मानी, जिसके बाद हनुमान जी की पूंछ को आग लगा दी जाती है। पूंछ में आग लगते ही हनुमान ने आकाश मंडल से विचरते हुए पूरी लंका में आग लगाकर लंका का दहन कर दिया। लंका दहन के दृश्य को देखकर सभी भक्त भगवान श्रीराम के नारे लगाने लगे।