कठुआ। जिले में किसानों की समस्याओं का समाधान अब एक छत के नीचे मिलेगा। इसके लिए जिले भर में 120 किसान खिदमत केंद्र खोले जा रहे हैं।
सरकार की पहल पर इसी सप्ताह से शुरू होने वाले इन सेंटरों में आने वाले किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा। इन केंद्रों पर किसानों को कृषि ऋण के अलावा बीज संबंधी समस्या, आपदा में फसल के नुकसान और अन्य तरह की समस्या का समाधान होगा।
जिला कृषि अधिकारी (एक्सटेंशन) मुरारी डींगरा ने बताया कि सरकार ने किसानों को एक छत के नीचे सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए किसान खिदमत केंद्र बनाएं हैं। यहां पर किसानों के मुद्दों और मांगों को जल्द से जल्द हल किया जाएगा। इसी तरह यहां आने वाले किसान पीएम किसान समृद्धि सेंटर की मदद से अच्छी किस्म के बीज, खाद, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि उपकरण और मिट्टी की जांच की सुविधाएं भी प्राप्त कर सकते हैं। इन केंद्रों पर किसानों को एक्सपर्ट से सलाह के साथ जरूरत के अनुसार फर्टिलाइजर और पेस्टीसाइड भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चार अगस्त से जिले में शुरू होने वाली इस सुविधा का शुभारंभ उपराज्यपाल करेंगे। इसके बाद जिले के किसानों को इस सुविधा का लाभ देने के लिए पांच किसान खिदमत सेंटर खुल जाएंगे। ये सेंटर सदरोता, किशनपुर, दुरुंग, डुगांड़ा और मांड़ली में अपना काम शुरू करेंगे। अन्य 115 किसान खिदमत सेंटरों को खोले जाने की प्रक्रिया भी इसी के साथ शुरू की जाएगी।
बारिश या सूखे के कारण होता नुकसान
किसानों को अक्सर बेमौसम बारिश या सूखे के कारण होने वाले फसलों के नुकसान की मार झेलनी पड़ती है। नई व्यवस्था किसानों की समस्याओं को कम करने का सरकार की ओर से उठाया गया एक कदम है।