ड्रीमलैंड पार्क के पास एकत्रित होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की
कठुआ। शहर और आसपास के इलाकों में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ मंगलवार को युवाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि पंजाब से आ रहा नशा न केवल शहर के युवाओं बल्कि कंडी क्षेत्र के गांवों के नौजवानों को बर्बाद कर चुका है। ड्रीमलैंड पार्क के पास युवाओं इकट्ठा होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस छोटे-मोटे नशा तस्करों को तो पकड़ लेती है लेकिन बड़ी मछलियां अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अब्दुल रशीद पोसवाल ने आरोप लगाया कि गांव जंगलोट के युवा नशे के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं और कई चिट्टा तस्करी करने वालों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर रहे हैं। मगर पुलिस नशे पर पूरी तरीके से अंकुश नहीं लगा पा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर नशा तस्करों ने चिट्टे की तस्करी से बाज नहीं आए तो युवा अपने स्तर पर उनके खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। इस मौके दर्जनों प्रदर्शनकारी मौजूद रहे। संवाद