कठुआ। डिस्टेंस रनर्स ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ दस किलोमीटर दौड़ लगाकर आजादी के नायकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। क्लब के वरिष्ठ धावक सिंधु शर्मा की अगुवाई में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर शहीद कैप्टन सुनील चौधरी के स्मारक से दौड़ शुरू की। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता का जयघोष करते हुए युवाओं ने कॉलेज रोड से होते हुए कालीबड़ी, मुखर्जी चौक, जराई चौक, आंबेडकर ब्रिज से होते हुए शहीद कैप्टन सुनील चौधरी के स्मारक पर दौड़ संपन्न की।
क्लब के धावक नीरज सिंह बलौरिया ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों ने फिर से सोने की चिड़िया बनाकर आने वाली पीढ़ी के लिए एक सुंदर भारत के निर्माण का सपना देखा था। लेकिन वर्तमान दौर में हमारी युवा पीढ़ी सामाजिक बुराइयों की ओर जा रही है। इस दौड़ के माध्यम से उन्होंने युवाओं से बुराइयों को छोड़ बेहतर स्वास्थ्य बनाने के लिए प्रेरित किया है। संवाद