नाज नाले में बनाया गया डगवेल तेज बहाव में हो गया है क्षतिग्रस्त, संबंधित विभाग कर रहा अनदेखी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। गढ़ गांव में 15 जुलाई के बाद से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की तीन हजार से अधिक आबादी लगभग तीन महीना से पेयजल की किल्लत से परेशान है लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। स्थानीय लोगों ने उपयुक्त से इस ओर ध्यान देने की मांग की है।
वरिष्ठ नागरिक पंडित राधा कृष्ण शास्त्री, प्रवीण कुमार, श्यामलाल और अन्य लोगों ने बताया कि के 15 जुलाई के दिन नाज नाले में बनाया गया डगवेल पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था और बिजली की लाइन भी बह गई थी, जिसे आज तक संबंधित विभाग ने ठीक नहीं किया। इस संदर्भ में कई बार एडीसी बिलावर, जल शक्ति विभाग के एईई और कई जन प्रतिनिधियों को समस्या के बारे में अवगत करवाया लेकिन केवल आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ। गांव के ज्यादातर लोग पिछले तीन महीनों से गांव में स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ठोने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानियां छोटे-छोटे बच्चों, बुजुर्ग और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने उपयुक्त से मांग की है कि पिछले तीन महीनों से उनके गांव में प्रभावित हुई पेयजल आपूर्ति को जल्द बहाल करवाया जाए। लोगों ने यह भी चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोग संबंधित विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।