संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रविवार और सोमवार को कुल 3 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद जिला में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 159 पहुंच गया। जिनमें से 120 रिकवर हो गए और अन्य 39 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में स्क्रीनिंग बढ़ा दी है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने पारलीवंड, चन्नग्रां, चबूतरा कॉलोनी, तारानगर, बारला चौगान, बसोहली, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, वार्ड नंबर 9, बनी, वार्ड 5, चक राम सिंह, रेलवे रोड सहित अन्य स्थानों पर स्प्रे किया। इसके अलावा उक्त इलाकों में मरीजों के परिवारों सहित आसपास के 50 घरों के लोगों की स्क्रीनिंग की और नजदीकी लोगों के खून के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश मगोत्रा ने बताया कि पिछले 2 दिन में 3 डेंगू मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने चौकसी बढ़ा दी है, ताकि डेंगू पीड़ित मरीजों का समय से इलाज शुरु किया जा सके। बताया कि 15 जून से अब तक 159 डेंगू मरीज मिल चुके हैं। अधिकतर मरीज घरों पर रहकर ही इलाज करवा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार डेंगू पीड़ित मरीजों की निगरानी कर रहा है।