संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गत वर्ष जून माह से शुरू हुई जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल एक बार फिर उग्र होने लगी है। सोमवार को कार्यकारी अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक के उपरांत हड़ताली कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार से संभाग के सभी 22 हजार अस्थायी कर्मचारियों को तुरंत नियमित करने के लिए कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। साथ ही मांग न माने जाने पर दो अक्तूबर को जम्मू में विशाल प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
विभाग के कार्यकारी अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान कर्मचारियों ने अपनी अग्रिम रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान जिला प्रधान गगनदीप सिंह ने सभी हड़ताली कर्मचारियों को 4 अक्तूबर को होने वाले जम्मू में विशाल प्रदर्शन की जानकारी दी। उसमें सभी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित बनाने के लिए प्रयास करने के लिए कहा। जिला प्रधान ने कहा कि आज उनकी हड़़ताल को 400 दिन से ज्यादा का लंबा समय हो गया है लेकिन सरकार ने कर्मचारियों की अब तक सुध नहीं ली है। उन्होंने कहा कि संभाग के सभी 22 हजार अस्थायी कर्मचारी तब से लगातार अपनी हड़ताल पर डटे हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से उन्होंने श्री अमरनाथ यात्रा व अन्य कारणों को देखते हुए अपने धरना प्रदर्शन को सीमित किया हुआ था, लेकिन अब तक सरकार ने कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाया है, जिससे लगे कि वह अस्थायी कर्मचारियों को उनका हक देने के लिए गंभीर है। लिहाजा अब एक बार फिर पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के बैनर तले संभाग के सभी कर्मचारी जम्मू में अपने हक की आवाज बुलंद करेंगे और फ्रंट के निर्देश के अनुसार ही अगली कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक की सरकार अस्थायी कर्मचारियों के मसले हल करने के लिए कोई पहल नहीं करती है। इस मौके पर नसीब सिंह, निश्चल सिंह, विजय शर्मा, मोहनलाल, राकेश कुमार, धर्मपाल, जयदेव, सुरेंद्र कुमार, सुरजीत सिंह, बलविंदर कुमार, बलकार सिंह, सतीश कुमार, सुखदेव सिंह, बलवंत सिंह, पुष्पराज आदि उपस्थित रहे।