पानी नालों की बजाय सड़कों पर बहता रहा, आमजन, राहगीर और दुकानदार खूब हुए परेशान
कठुआ। जिले में गत रविवार से शुरू हुआ बारिश का क्रम दूसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार सुबह से ही जिले भर में बारिश का क्रम जारी रहा। दोपहर के बाद बारिश और तेज हो गई। झमाझम हुई इस बारिश का परिणाम यह रहा कि हाईवे सहित शहर की सड़कें व बाजार तालाब में तब्दील हो गए। वहीं पहाड़ी इलाके में इस जोरदार बारिश ने फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। कृषि विज्ञान केंद्र कठुआ की मौसम विज्ञान इकाई के अनुसार जिले में इस दौरान 50 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
भारी बारिश से देखते ही देखते सड़कें एक बार फिर तालाब बन गई। मुख्य बाजार में भी हुए जलभराव ने नगर परिषद के इंतजाम की पोल खोल कर रख दी। वहीं, जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर हटली मोड़ के नजदीक एक बार फिर सर्विसलेन तालाब बन गई। जहां जलभराव में फंसी एक कार को बाहर निकालने के लिए क्रेन को बुलाना पड़ा। वहीं साथ लगते निजी स्कूलों की बसों को भी किसी तरह से निकाला गया। दोपहर हो हुई झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में सड़कें और गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गए। कॉलेज रोड़, शिवानगर, पटेल नगर के अलावा शहर के कृष्णा कॉलोनी, शहीदी चौक, कोर्ट रोड की गलियां और सड़कें जलमग्न रहीं। अचानक आई बारिश के चलते जलभराव से यातायात भी प्रभावित रहा। कोर्ट रोड पर एक बार फिर हुआ जलभराव वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना रहा। जिला सचिवालय के ठीक सामने एक बार फिर सड़क की दोनों लेन जलमग्न होने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी तरह से मुख्य बाजार में दुकानों के अंदर आने वाले पानी को दुकानदार निकालने में लगे रहे। एक फुट तक पानी शहर के पुराने हिस्से में बाढ़ बनकर बहता रहा। हाईवे से शहर में दाखिल हुआ पानी नालों की जगह हर सड़क पर बहता है।