संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। कृषि विभाग ने सीड विलेज मादा में बीज बोने का काम शुरू कराया। जिला कृषि अधिकारी संजीव राय गुप्ता ने यह कार्य शुरू करवाया। बता दें, गत वर्ष 80 एकड़ भूमि पर बीज बोया गया था। लेकिन इस बार 200 एकड़ भूमि पर बीज बोया जाएगा। बीज बोने के लिए सुपर सीडर तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। दो सुपर सीडर यहां बीज बोने का काम करेंगे। बता दें कि पिछले साल सुपर सीडर से बीज बोने में यह प्रदेश का पहला गांव बना था। इसके अच्छे परिणाम देखने को मिले और अब इसी तकनीक से पहले से करीब दुगना भूमि पर बीज बोने का काम किया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी ने कहा यहां सीड विलेज के तहत गांव के किसान बीज बोने का काम करते हैं। पिछले साल पहली बार सुपर सीडर के इस्तेमाल से यहां बीज बोया गया था इस तकनीक के इस्तेमाल का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक से जोड़ने के लिए प्रेरित करना था। इस तकनीक के इस्तेमाल से किसानों के समय और पैसे दोनों की बचत होती है जिसका उन्हें लाभ उठाना चाहिए। इस बार करीब 200 एकड़ भूमि पर बीज बोने का लक्ष्य है जो इस तकनीक से समय पर पूरा होगा। वहीं, किसानों ने भी कृषि विभाग की ओर से दी जारी सहायता के लिए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।