राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मिडिल स्कूल कालीबड़ी में विद्यार्थियों को दवा की खुराक देते डीसी
कठुआ। बच्चों में कृमि संक्रमण को समाप्त करने के उद्देश्य से सोमवार को कठुआ जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। जिले भर में जागरूकता कार्यक्रमों और दवा वितरण गतिविधियां करवाई गई।
मुख्य कार्यक्रम का आयोजन सरकारी मिडिल स्कूल कालीबड़ी में किया गया। यहां उपायुक्त राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की गोलियां वितरित कीं। डीसी ने कहा कि आंतों में होने वाले कृमि संक्रमण बच्चों की शारीरिक वृद्धि, मानसिक विकास और शैक्षणिक प्रदर्शन को प्रभावित कर सकते हैं। जिला प्रशासन स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के सहयोग से सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में यह अभियान चला रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना ने बताया कि यह अभियान जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक साथ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लगभग 1.5 लाख बच्चों को कवर किया जा रहा है जिनमें स्कूल जाने वाले और स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चे शामिल हैं। संवाद