कठुआ। डीसी राजेश शर्मा ने सोमवार को बैठक की। इसमें वित्तीय वर्ष 2024-25 में समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी) के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने राजेश शर्मा को बताया कि वर्तमान में जिले में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लिए 19 परियोजनाएं निर्धारित की गई हैं। इनमें कृषि, बागवानी, पशुपालन, भेड़पालन, मत्स्य पालन, रेशम उत्पादन और संबंधित क्षेत्र शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि परियोजनाओं का उद्देश्य समन्वित और प्रौद्योगिकी-संचालित दृष्टिकोण से उत्पादकता और किसानों की आय में वृद्धि लाना है। डीसी ने सभी परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन करने के लिए अंतर-विभागीय समन्वय पर जोर दिया।
उन्होंने निर्धारित परियोजनाओं के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए किसान पंजीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। इससे केंद्र शासित प्रदेश के समग्र प्रदर्शन में जिला का योगदान बेहतर हो सके। इस अवसर पर एडीडीसी सुरिंदर शर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी जतिंद्र खजूरिया, जिला योजना अधिकारी सहित मुख्य बागवानी अधिकारी, मुख्य पशुपालन अधिकारी, जिला भेड़पालन अधिकारी के अलावा सहायक निदेशक मत्स्य पालन भी मौजूद रहे।