फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: बिलावर में बवाल मामले में 12 नामजद सुरक्षा के बीच वाहन श्रीनगर रवाना

Sat, 18 Oct 2025 02:13 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कठुआ
विज्ञापन
विज्ञापन
कठुआ/बिलावर। माउंटेन लाइवस्टॉक रिसर्च इंस्टीटयूट मानसबल, गांदरबल रिसर्च के लिए ले जाए जा रहे और प्रदेश के बाहर से आयात किए गए दुधारू मवेशियों को पशु तस्करी बताकर हमला करने और बवाल काटने के मामले में पुलिस ने संज्ञान लिया है।
विज्ञापन

बुधवार की रात हुए बवाल के बाद इस संदर्भ में बिलावर पुलिस थाने में 12 लोगों को नामजद करने के अलावा अन्य लोगों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, शुक्रवार शाम को वाहन को पुलिस सुरक्षा के बीच बिलावर से कश्मीर के लिए रवाना कर दिया गया। दरअसल, बुधवार की रात साढ़े नौ बजे के लगभग फिंतर चौक के पास से धार सड़क पर गुजर रहे पशुओं से लदे एक ट्रक को रोककर लोगों ने जमकर बवाल काटा। पशु तस्करी का संदेह जताते हुए ट्रक में सवार एक स्टॉफ सदस्य से मारपीट का मामला भी सामने आया है। हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत करवाकर ट्रक को पुलिस थाने साथ ले गई। दस्तावेजी जांच में सामने आया कि ट्रक में लदे बेहतर नस्ल के मवेशियों को कश्मीर में प्रजनन के लिए वैध अनुमति के साथ ले जाया जा रहा था।
पशुपालन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक में लदे सात मवेशियों को कश्मीर ले जाया जा रहा था। लगभग 18 लाख कीमत के इन पशुओं को मोगा पंजाब से जम्मू कश्मीर आयात किया जा रहा था। इन्हें माउंटेन लाइवस्टॉक रिसर्च इंस्टीट्यूट मानसबल, गांदरबल में रिसर्च और प्रजनन मकसद के लिए खरीदा गया था। लखनपुर में जांच के बाद जिला प्रशासन की अनुमति मिलने पर इन्हें कश्मीर के लिए ले जाया जा रहा था। दियालाचक और मानसर का रास्ता बंद होने की वजह से यह वाहन लखनपुर से होते हुए धार रोड बिलावर के रास्ते उधमपुर की ओर जा रहा था। इसी बीच बड़ी संख्या में लोग फिंतर चौक के पास एकत्रित हुए और वाहन रोककर बवाल शुरू कर दिया। आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगाें ने विभाग के एक कर्मचारी के साथ भी मारपीट की है।
विज्ञापन

बिलावर थाना प्रभारी जहीर मुश्ताक ने बताया कि वाहन वैध रूप से बेहतर नस्ल के पशुओं को लेकर कश्मीर की ओर जा रहा था जिसकी वैध अनुमति थी। बताया कि पुलिस ने गलत तरीके से रोकने, सार्वजनिक व्यवस्था भंग करना अथवा अवैध सभा, शारीरिक चोट पहुंचाने सहित आपराधिक साजिश के तहत सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की संबंधित धाराओं में बिलावर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में कई लोगों को नामजद किया गया है जबकि भीड़ में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें