पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर हटली मोड़ में हुआ जलभराव
जमीन के धंसने से स्कूल बस फंसी, विद्यार्थी सुरक्षित
कठुआ। जम्मू-पठानकोट हाईवे पर हटली मोड़ में सर्विस लेन की बदहाल स्थिति से सुगम परिवहन में लगातार बाधा बनी हुई है। सोमवार को हुई जोरदार बारिश के बाद जलभराव के कारण कंटेनर सड़क के किनारे नाले में जा घुसा। इसके बाद हाईवे पर पठानकोट से जम्मू की ओर जाने वाली ट्यूब पर लंबा जाम लग गया।
जलभराव के कारण हटली मोड़ के आसपास की गलियों में जमीन धंसने से स्कूल बस सड़क में फंस गई लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी विद्यार्थी सुरक्षित बच गए।
नाले में घुसे कंटेनर के चालक मुबारक अली ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे जब वह जम्मू की ओर जा रहा था तो हाईवे पर जलभराव के कारण उन्हें नाले का पता नहीं चला। यहां नाले के खुला होने की जानकारी देने वाला संकेतक भी नहीं लगा है। इस कारण कंटेनर नाले में घुस गया। गनीमत रही कि सहचालक भी सुरक्षित है मगर कंटेनर को काफी नुकसान पहुंचा है।
हाईवे से सटी गली में स्कूल की बस धंसने के बारे में स्कूल के गार्ड देस राज ने बताया कि हाईवे का पानी निकलने का कोई इंतजाम नहीं होने के कारण पूरा पानी गलियों से ही बाहर जाता है। इसके परिणाम स्वरूप गलियों की हालत खस्ता हो गई है। सुबह के समय जब स्कूल की बस विद्यार्थियों को लेकर हाईवे से स्कूल की तरफ मुड़ी तो गली का एक हिस्सा धंस गया जिसमें बस फंस गई। इसके बाद बस से बच्चों को निकालकर सुरक्षित स्कूल तक पहुंचा दिया गया। स्कूल के मार्ग में बस फंसने से अन्य बसों को भी हाईवे की सर्विस लेन पर रोकना पड़ा। यहां बसों से आने वाले विद्यार्थियों को स्कूल तक पहुंचाया गया। उन्होंने हटलीमोड़ के पास निर्माण कार्य की धीमी गति को समस्या का मुख्य कारण बताया।
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अवतार कृष्ण ने कहा कि विकास के नाम पर राजमार्ग पर शुरू किया गया। निर्माण कार्य पूरी तरह से बिना किसी पूर्व योजना के ही चलाया जा रहा है। इससे आम लोग परेशान हैं। आज भी सुबह के समय हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया। न तो स्कूल जाने वाले बच्चे और न ही सरकारी कर्मचारी अपने कार्यालय तक समय से पहुंच सके। आए दिन होने वाली इस परेशानी का समाधान करने के लिए न तो हाईवे अथॉरिटी की तरफ से कोई कदम उठाए जा रहा है और न ही प्रशासन गंभीर है।