हीरानगर। राजबाग पुलिस ने पशु तस्करी का एक बड़ा प्रयास विफल कर 21 मवेशियों को एक ट्रक से मुक्त कराया, जिन्हें जम्मू की तरफ ले जाया जा रहा था। एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसएचओ अमित सांगड़ा अपनी टीम के साथ जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाने के नजदीक नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पंजाब की तरफ से आ रहे एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान उसमें से 21 मवेशी बरामद किए गए, जिन्हें तस्करी कर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तस्करी के आरोप में ट्रक चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जाकिर हुसैन निवासी जम्मू के रूप में हुई है। पुलिस ने धारा 188 आईपीसी 11 पीसीए एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।