जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते नप अध्?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले में 25वीं कठुआ बैडमिंडन चैंपियनशिप संपन्न हो गई है। शनिवार की शाम को चैंपियनशिप की विभिन्न श्रेणियों में फाइनल मुकाबले करवाए गए। जिसमें पहला फाइनल सीनियर डबल्स में अक्षय महाजन और शिवम कुमार की जोड़ी का वंश चौहान और प्रणव कुमार की जोड़ी के साथ हुआ। तीन सेट के मुकाबले में 2-1 से वंश चौहान और प्रणव कुमार ने जीत हासिल की।
दूसरा फाइनल वेटरेन डबल्स अरुण शर्मा और शाम लाल का राजेश गुप्ता और नरेश शर्मा के बीच हुआ। जिसमें 2-0 से अरुण शर्मा और शाम लाल ने जीत हासिल की। वहीं तीसरा फाइनल सीनियर्स सिंगल अक्षय महाजन और अभिजीत सिंह के बीच हुआ। जिसमें 2-1 अभिजीत सिंह ने जीत हासिल की।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर उपस्थित कठुआ नगर परिषद के प्रधान रजिंदर सिंह बब्बी ने सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस ओपन चैंपियनशिप के आयोजन के लिए कठुआ बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रयास की सराहना की। गत 19 नवंबर से शुरू हुई चैंपियनशिप के संबंध में कठुआ बैडमिंटन एसोसिएशन के आयोजन सचिव राजेश गुप्ता ने बताया कि स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में जिले भर से आए 90 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया छह अलग-अलग श्रेणियों में हुई इस प्रतियोगिता के तीन फाइनल शुक्रवार को आयोजित किए गए थे। जिसमें अंडर-19 सिंगल्स का फाइनल कुलबंधु कुमार का अभय सिंह के बीच हुआ था। जिसमें कुलबंधू कुमार ने 2-0 से जीत हासिल की। जबकि वेटरन सिंगल्स का फाइनल राजेश गुप्ता और शाम लाल के बीच हुआ। इसमें राजेश गुप्ता ने 2-0 से जीत हासिल की। वहीं, गर्ल्स सिंगल्स फाइनल प्रियांशी शर्मा और चेतना कुमारी के बीच हुआ। इसमें 2-0 से प्रियांशी शर्मा ने जीत हासिल की है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर होने वाली इस प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर होने वाले मुकाबलों में जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश कुमार शर्मा, महासचिव दुष्यंत शर्मा, संयुक्त सचिव अरुण कुमार के अलावा काफी संख्या में खेल प्रेमी व शहर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।