इसी जगह डूबे थे तीनों युवक, मौके पर मिले उनके कपड़े। संवाद
- फोटो : KATHUA
बिलावर। बिलावर हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले दो विद्यार्थियों और उनके एक दोस्त की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, अपने साथ कई सवाल छोड़ गई। भीनी दरिया के जिस हिस्से से तीनों के शव बरामद हुए हैं, उसके किनारे पुलिस को दो स्कूल बैग, दो मोबाइल और तीन जूतों के अलावा कपड़े भी बरामद हुए हैं। सर्दियों के इस मौसम में तीनों का दरिया में नहाने जाना कई सवाल खड़े कर गया। पुलिस भी मामले को संदिग्ध देखते हुए फिलहाल सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
वार्ड 3 के पंच विनोद कुमार और दो मृतक युवाओं के चाचा ने बताया कि मृतकों में से दो युवक चचेरे भाई थे। उन्होंने कहा कि तीसरा युवक भी उसी मोहल्ले का निवासी था और बचपन से ही तीनों की दोस्ती थी। उन्होंने बताया कि वीरवार सुबह 11 बजे दोनों विद्यार्थी बिलावर की बैंक शाखा में मिले थे, पूछने पर विद्यार्थियों ने कहा कि वह बैंक संबंधित कामकाज से शाखा में पहुंचे हैं । उन्होंने बताया कि जब देर शाम तक तीनों किशोर घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने सगे संबंधियों से संपर्क साधा लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया क्योंकि तीनों के मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आ रहे थे। उन्होंने कहा कि तीनों मृतकों के पिता दिल्ली और हिमाचल के डमटाल में दिहाड़ीदार काम करतें हैं, जो मौजूदा समय में घर पर मौजूद नहीं है। उन्हें हादसे की जानकारी दे दी गई है।
................
पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत से निकाले गए शव
थाना प्रभारी बिलावर इंस्पेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि इस संदर्भ में बिलावर पुलिस थाने में धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि युवकों के शव को दरिया के गहरे पानी से कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया है। करीब 25 फीट की गहराई में तीनों शव डूबे हुए थे, जिन्हें स्थानीय युवाओं और बिलावर पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर पानी से बाहर निकाला। अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल पर विद्यार्थियों की वर्दियां जूते और कपड़े बरामद हुए हैं।