बसोहली। बसोहली नगर में सीजन की पहली धुंध वीरवार की सुबह देखने को मिली। धुंध की सफेद चादर से बसोहली कस्बे का कुछ हिस्सा लिपटा नजर आया। धुंध पड़ने के साथ अब ठंड में भी बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है। बीते दिनों जहां पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से अब सुबह शाम धुंध पड़ रही है। साथ ही मैदानी इलाकों में भी ठंड का प्रकोप बढ़ना शुरू हो जाएगा।
वीरवार की सुबह करीब 9 बजे धुंध ने देखते ही देखते आधे से ज्यादा बसोहली नगर को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, ठंड बढ़ने से दुकानदारों ने गर्म कपड़ों की नई-नई वैरायटी का स्टॉक भी एकत्रित कर लिया है। लोग दुकानों पर जाकर सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़ों, जैकेट आदि की खरीदारी भी कर रहे हैं। वहीं, तड़के सुबह और शाम सैर करने वाले लोगों में भी कमी दिखाई दे रही है।