कठुआ। जिले के दूर दराज जोडे़यां पर्वत पर दुर्गम चढ़ाई चढ़कर भक्तों ने रविवार को हाजिरी लगाई। विभिन्न इलाकों से आए भक्तों के जत्थे ने शनिवार रात मंदिर प्रांगण में ही सराय में रात गुजारी। सुबह सूरज की पहली किरण के साथ विधिवत पूजा और अनुष्ठान किया गया।
पारंपरिक वाद्य यंत्रों और माता के जयकारों से साथ जोडे़यां पर्वत भी गूंज उठा। श्रद्धालुओं के लिए रात में ठहरने सहित लंगर आदि का प्रबंध भी भवन पर किया गया था। दिसंबर माह से मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे। इस दौरान इलाके में भारी बर्फबारी दर्ज की जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मंदिर में इस अवधि में रात के समय रुकने पर मनाही है। उधर, जिले के इस प्रसिद्ध शीतला माता के मंदिर में नवरात्र के दौरान लाखों की तादाद में भक्त पहुंचते हैं।