हायर सेकेंडरी स्कूल धार डूगनू में इमारत की कमी के बारे में जानकारी देते पंचायत प्रतिनिधि। संवाद
- फोटो : KATHUA
बिलावर। हायर सेकेंडरी स्कूल धार डूगनू में सात कमरों में 12 कक्षाएं चलती हैं। प्राय: एक कमरे में दो-दो कक्षाएं लगानी पड़ती हैं। इसकी वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इस समस्या को लेकर धार डूगनू के पंचायत प्रतिनिधियों ने शनिवार को बैठक का आयोजन कर सरकार से स्कूल की नई इमारत बनाने की मांग की।
सरपंच कुलदीप कुमार शर्मा ने बताया कि स्कूल में 400 के करीब विद्यार्थी पढ़ते हैं। छात्रों की संख्या के हिसाब से स्कूल में कमरों की कमी हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में स्कूल में 9 कमरे हैं, जिनमें से एक प्रधानाचार्य का कार्यालय और एक कमरे में प्रयोगशाला बनाई गई है। ऐसे में केवल सात कमरे ही स्कूल में बचते हैं, जिसमें कक्षाएं लगाई जाती हैं। कमरों की कमी की वजह से या तो एक कमरे में दो कक्षाएं लगानी पड़ती हैं या कुछ कक्षाएं खुले आसमान के नीचे लगानी पड़ती हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि करीब 3 वर्ष पहले सरकार ने हाई स्कूल का दर्जा बढ़ाकर हायर सेकेंडरी स्कूल किया था, लेकिन स्कूल का दर्जा बढ़ने के बाद नई इमारत नहीं बनाई गई। पहली कक्षा से लेकर बारहवीं कक्षा तक स्कूल में 400 के करीब छात्र और छात्राएं पढ़ाई करते हैं, जिन्हें बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर मौसम साफ रहता है तो कई कक्षाएं स्कूल के मैदान में चलाई जाती है और बारिश होने पर एक कमरे में दो-दो कक्षाएं चलाई जाती हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि कई बार सरकार से मांग कर चुके हैं के हायर सेकेंडरी स्कूल की नई इमारत बनाई जाए, लेकिन इस संबंध में सरकार ने आज तक कोई संज्ञान नहीं लिया। सरपंच और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द हायर सेकेंडरी स्कूल की नई इमारत बनाई जाए, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई सही तरीके से हो सके। इस अवसर पर पंचायत के नायब सरपंच, पंच मनोहर लाल आदि मौजूद रहे।
......................
समस्या के बारे में जानकारी मिली है। पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से समस्या को लिखित रूम में दिया जाता है तो 15 दिसंबर से पहले स्कूल की इमारत बनाने के लिए नया प्रोजेक्ट बनाकर उच्च अधिकारियों के समक्ष भेज दिया जाएगा। - चमनलाल, डिप्टी सीईओ बिलावर