कठुआ। लगातार बढ़ रहे बिजली के बकाया बिल के बोझ तले दब रहे वार्ड 16 के लोगों ने उनके बकाया बिल को माफ किए जाने की मांग की। शनिवार को स्थानीय लोगों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए बिजली विभाग पर अधिक बिल भेजकर भुगतान के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल सुनील कुमार ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले दर्जनों परिवार मजदूरों के हैं, जिन्हें विभाग द्वारा जो बिजली का बिल दिया जा रहा है वह उसे जमा करने में असमर्थ है। उन्होंने बताया कि पहले कुछ महीनों तक उन्होंने पैसों के आने के इंतजार में बिजली के बिल नहीं जमा किए। जो अब बढ़ते-बढ़ते हजारों में चले गए हैं। ऐसे में अब बकाया बिल वसूलने के लिए विभाग के कर्मचारी लगातार दबाव बना रहे है। बेरोजगारी और महंगाई के चलते बकाए बिल का भुगतान कर पाना उनके लिए असंभव हो गया है। उन्होंने सरकार से बकाया बिजली का बिल माफ किए जाने की मांग की। वहीं, इस मौके पर आम आदमी पार्टी नेता एसके भंडारी ने कहा कि अगर बिजली विभाग ने गरीब लोगों के बकाए बिजली बिल को माफ करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया तो आने वाले दिनों में शहर में जगह-जगह इसके खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदर्शन में वीरा कुमार, सुभाष चंद्र, अश्वनी कुमार, शर्मीला देवी, सुमन देवी, लक्ष्मी देवी, सुनीता देवी, सुषमा आदि शामिल रही।