बिलावर। उपमंडल के विद्यार्थियों ने बिजली विभाग से अल सुबह और शाम को होनेे वाली बिजली कटौती बंद करने की गुहार जिला उपायुक्त से लगाई है। विद्यार्थी हरिश सपोलिया, भारत भूषण शर्मा, दीपांशु वर्मा और मानसी ने बताया कि इन दिनों स्कूलों में विद्यार्थियों की टर्मिनल 1 की परीक्षाएं चल रही हैं। वहीं, पिछले कई दिनों से अल सुबह और शाम ढलने के बाद बिजली कटौती का दौर जारी है। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विद्यार्थियों ने कहा कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया है कि सुबह और शाम होने वाली बिजली कटौती का समय बदला जाए, लेकिन बिजली विभाग ने इस संबंध में कोई संज्ञान नहीं लिया। नतीजतन विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने कहा कि जब इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाते हैं तो अधिकारियों की ओर से ग्रिड स्टेशन से बिजली कटौती की बात बताई जाती है। समाजसेवी संजीत शर्मा, देवल गांव के निवासी विजय सिंह और अन्य लोगों ने बताया कि सर्दी के मौसम में सुबह-शाम बिजली कटौती से छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्गों को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। इस संदर्भ में बिजली विभाग बिलावर के एईई प्रवेज भट्ट ने बताया कि ग्रिड स्टेशन की ओर से बिजली कटौती की जाती है। शुक्रवार शाम 6:30 बजे से बिजली कटौती की गई है, जो शाम 7:40 पर बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्या को संज्ञान में लिया जाएगा और उच्च अधिकारियों के समक्ष समस्या के निदान के लिए लिखित रूप में भेजा जाएगा।