बिलावर। धार सड़क पर तारकोल बिछाने के काम की वीरवार को शुरुआत हो गई। कार्य का शुभारंभ जिला विकास परिषद बिलावर के सदस्य विक्रम सिंह और बीआरओ के अधिकारियों ने किया। जिला विकास परिषद के सदस्य ने बताया कि पिछले कई महीनों से सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे बने हुए थे। लोगों की मांग थी कि सड़क पर तारकोल बिछाई जाए, जिसे सरकार ने पूरा कर दिया है।
आगे उन्होंने बताया कि लगभग 30 किलोमीटर लंबी सड़क पर तारकोल बिछाने के लिए सरकार की ओर से सात करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। सड़क के कुछ हिस्सों पर पानी की निकासी के इंतजाम भी किए जाएंगे। बिलावर के भिनीपुल से तारकोल बिछाने के काम की शुरुआत की गई है और 30 किलोमीटर लंबी सड़क पर रणजीत सागर डैम तक तारकोल बिछाई जाएगी। बीआरओ के एईई विनय नायर ने बताया कि 1 महीने के भीतर तारकोल बिछाने के काम को पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर बीआरओ के कनिष्ठ अभियंता विकास यादव, अविनाश कुमार, पंच शिवदेव सिंह, दीप शर्मा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।