बसोहली। बसोहली से उधमपुर व हरिद्वार के लिए जेकेएसआरटीसी बस बुधवार से शुरू हो गई। करीब साढे़ पांच बजे बसोहली पहुंची बस को एडीसी बसोहली अजीत सिंह और नगर कमेटी अध्यक्ष सुमेश सपोलिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर कमेटी के अध्यक्ष सुमेश सपोलिया ने बताया कि यह एसआरटीसी बस बसोहली से बुधवार व शनिवार शाम 6 बजे अटल सेतु दुनेरा से होती हुई पठानकोट और आगे हरिद्वार के लिए निकल जाएगी, जो अगले दिन सुबह करीब 5 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। दूसरे दिन दोपहर करीब साढे़ तीन बजे हरिद्वार से बसोहली की ओर रवाना होगी। अगले दिन करीब सुबह चार बजे इसी रूट से होते हुए वापस बसोहली पहुंचेगी।
बसोहली पहुंचकर करीब सुबह 5 बजे यही बस बसोहली से उधमपुर जम्मू के लिए रवाना होगी, जो बिलावर रामकोट उधमपुर से होती हुई जम्मू तक जाएगी। जम्मू से अगले दिन बसोहली के लिए वापस रवाना होगी। बस लेकर बसोहली बस अड्डे पर पहुंचे चालक सहचालक का लोगों ने हार पहनाकर स्वागत किया। ट्रांसपोर्ट विभाग के नीलम मिश्रा, विजय कपूर स्थानीय लोग और अन्य उपस्थित रहे। बुधवार शाम करीब 6 बजे इस बस को रवाना किया गया, जो अटल सेतु दुनेरा पठानकोट से होती हुई हरिद्वार पहुंचेगी। वहां से वापस बसोहली की तरफ अगले दिन रवाना होगा। एडीसी बसोहली अजीत सिंह ने बताया कि बसोहली से पठानकोट और बसोहली से चंबा एसआरटीसी बस को लगाने की भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया की सभी यात्री वाहन में टिकट लेकर ही यात्रा करें। बताया कि फिलहाल यह यात्री बस ट्रायल के आधार पर चल रही है। अगर इसका रिजल्ट अच्छा रहा और सवारियों की संख्या ज्यादा रही तो अतिरिक्त वाहन भी लगाया जा सकता है।