रामकोट। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल योजना को साकार करने के लिए दो जलाशय तैयार किए जा रहे हैं। मिशन के तहत पूरी रामकोट पंचायत में पेयजल व्यवस्था सुचारु करने के लिए सबसे पहले दो पानी के हौज का निर्माण होगा। मौजूदा समय में रामकोट के करसाईं मोहल्ला, भूल, कोदीथीआल, सर सब्बल आदि इलाकों में पानी की किल्लत है, जो निश्चित तौर पर जल जीवन मिशन के तहत नई बनने वाली योजना से दूर होगी। योजना के तहत रामकोट के सभी 11 वार्डों में पानी पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। जल शक्ति विभाग से सहायक कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मिशन के तहत रामकोट पंचायत में हौज के निर्माण के साथ पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी साथ ही चलेगा, जिसका आने वाले समय में लोगों को फायदा मिलेगा।
योजना का शुभारंभ जिला विकास परिषद के गुजरू नगरोटा सदसय नारायण दत्त बीडीसी अध्यक्ष अभय खजूरिया और सरपंच रामकोट प्रदीप सिंह की मौजूदगी में किया गया। वहीं विभाग के जेई संजय वर्मा के साथ-साथ बिट्टू खारका, नायब सरपंच रामकोट अश्वनी कुमार, पंच संतोष कुमार, विक्कू गुप्ता, चमन लाल गुप्ता, वीनू खारका, मुनिष गुप्ता, राजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।