शिरामणि अकाली दल (अमृतसर)के प्रमुख और संगरूर के सांसद सिमरनजीत सिंह मान को एक बार फिर जम्मू-कश्मीर से बैरंग लौटना पड़ा है। प्रशासन की ओर से उनके जम्मू-कश्मीर में दाखिल होने पर लगाई गई धारा 144 के तहत पाबंदी पर कोर्ट ने अगली सुनवाई 29 नवंबर को तय कर दी है। जिसके बाद मान अपने समर्थकों सहित दोपहर दो बजे के लगभग पंजाब की ओर लौट गए। इस दौरान सांसद मान ने कहा कि वह 2024 में कश्मीर से चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद कोई ताकत उन्हें कश्मीर आने से नहीं रोक सकती।
उधर, इस बीच जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे से सटे उस निजी होटल को रविवार शाम से ही छावनी में तब्दील कर दिया गया, जहां मान अचानक पहुंच गए थे। होटल के बाहर बख्तरबंद गाड़ियों से लेकर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इससे पहले मान ने बताया कि प्रशासन ने उन्हें होटल में ही डिटेन कर लिया और यहीं जानकारी दी गई है कि कोर्ट का फैसला आने तक वे होटल में ही रुक सकते हैं।
सिमरनजीत मान ने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत एक है। लोकसभा का एक सांसद कश्मीर के हालात देखना चाहता है। लेकिन जाने नहीं दिया जा रहा है। कहा कि यहां विधानसभा भंग की गई है। राज्य को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया है। भारत की नागरिकता के तहत उन्हें कश्मीर जाने का पूरा हक है। मान ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव वे कश्मीर से लड़ेंगे और इसके बाद देश की कोई ताकत उन्हें कश्मीर जाने से नहीं रोक सकेगी।