कठुआ। कंडी क्षेत्र में पड़ने वाली घाटी पंचायत के तरेड़ गांव में एक 52 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में मृत शव पाया गया है। परिजनों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर जीएमसी कठुआ में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया है। मृतक की पहचान सैदू दील पुत्र इलमदीन निवासी तरेड़ घाटी के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में मृतक के बेटे सादिक ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे वह अपने पशुओं को चराने के लिए घर से थोड़ी दूर गया हुआ था। घर पर उसकी मां और पिता ही थे। इस बीच उसकी मां पानी लेने के लिए घर से थोड़ी दूर गई थी। जब वह लौटकर वापस आई तो घर पर उसके पिता नहीं थे। करीब 1 बजे उसकी मां जंगल की ओर जब अपने मवेशियों के लिए पत्ती लेने के लिए गई तो वहां अपने पति को मृत अवस्था में पाकर उसके होश उड़ गए। पिता की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद जब हम मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उसकी छाती पर किसी धारदार हथियार से लगे कट का निशान है जबकि सर में बांधा जाने वाला साफा उसके गले में बांधा हुआ है। उन्होंने कहा कि हालांकि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। लेकिन जिस अवस्था में उनके पिता का शव मिला है उससे लगता है कि उनकी हत्या की गई है। इस बारे में कठुआ थाना प्रभारी ओपी चिब का कहना है कि पुलिस ने संदिग्ध मौत के मामले में शव को फिलहाल अपने कब्जे में रखा है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसी के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।