कठुआ। नव आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कला उत्सव 2022-23 का आगाज हो गया है। इस कार्यक्रम में शुक्रवार को कुल 112 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें जोनल स्तर पर घोषित विजेता शामिल हो रहे हैं। चित्रकला, मूर्तिकला और गायन में शामिल प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी प्रतिभाग दिखाई।
स्कूल शिक्षा व साक्षरता विभाग एवं शिक्षा मंत्रालय (भारत सरकार) की ओर से समग्र शिक्षा के अंतर्गत आयोजित कला उत्सव का शुभारंभ जिला के मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रकाश लाल थापा ने दीप जलाकर किया। इसके बाद शुरू हुए कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने परंपरागत गायन शैली का प्रदर्शन किया। वहीं, चित्रकला, भारतीय पारंपरिक खेल खिलौने, कला कौशल, वाद्य यंत्रों का प्रयोग और गायन में भी प्रतिभागियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिला के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दिया। वहीं जिला रिसोर्स ग्रुप के पावन विवेक ने बताया कि कला उत्सव के तहत होने वाली प्रतियोगिता में 9वीं से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों को हिस्सा लेने का मौका मिला है। शुक्रवार को 62 प्रतिभागियों ने संगीत में भाग लिया, 50 प्रतिभागियों ने कला में प्रतिभाग किया। इस मौके पर जिला शिक्षा योजना अधिकारी केवल कृष्ण, नव आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य ऋतिक प्रकाश सिंह, नव आदर्श विद्यालय के चेयरमैन गंधर्व सिंह ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।