कठुआ। शहर में नेत्र विकार से ग्रस्त मरीजों की सुविधा के लिए आगामी 14 नवंबर से दो दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें नेत्रों की जांच के साथ दवाएं और ऑपरेशन तक की निशुल्क सुविधा मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी जानकारी जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान चरणजीत सिंह भोला ने दी है।
शहर के कालीबड़ी स्थित निजी अस्पताल में आयोजित होने वाले इस शिविर के बारे में उन्होंने बताया कि प्रवासी भारतीय सरदार नरेंद्र सिंह के सहयोग से पिछले कई सालों से इस तरह के शिविर आयोजित होते आ रहे हैं। इस बार होने वाले इस आयोजन में पहले दिन मरीजों के पंजीकरण व जांच के बाद उन्हें ऑपरेशन की सहूलियत भी प्रदान की जा रही है। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से शिविर में आने वाले मरीजों के भोजन की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों इस शिविर का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने की अपील की। इस मौके पर जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के उपप्रधान कुलदीप सिंह, दलजीत सिंह, अमरजीत सिंह, कश्मीर सिंह, डॉ. एके गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।