बिलावर। नगर कमेटी के वार्ड 12 और 13 में पिछले कई महीनों से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं की जा रही है। ऐसे में लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं। टिल्ला निवासी विजय सिंह, तिरलोचन सिंह, मोहन सिंह ने बताया कि वार्ड 12 और 13 में पिछले कई महीनों से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं की जा रही है। लोगों ने कहा कि इन दोनों वार्डों में तीसरे दिन पेयजल आपूर्ति की जाती है कई बार तो 5 दिनों बाद पेयजल आपूर्ति होती है।
लोगों ने आरोप लगाया कि यूं तो सरकार हर घर जल और हर घर नल पहुंचाने के दावे करती है लेकिन हकीकत में लोगों को सुचारु रूप से पेयजल आपूर्ति करने में जल शक्ति विभाग विफल हो गया है। इस संबंध में जल शक्ति विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन समस्या का समाधान करने के लिए संबंधित विभाग गंभीर नहीं है। नतीजतन पेयजल की किल्लत के कारण लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं, जिसके कारण कई लोग प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। लोगों ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि नगर कमेटी के वार्ड 12 और 13 में नियमित पेयजल आपूर्ति की जाए। इस संदर्भ में जल शक्ति विभाग बिलावर के एईई सुरेंद्र सिंह संभ्याल ने बताया कि समस्या संज्ञान में आ गई है जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।