भारत विकास परिषद के कार्यक्रम में समूहगान की प्रस्तुति देते हुए मनु शिक्षा केंद्र राजबाग के विद?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। भारत विकास परिषद जम्मू-कश्मीर की ओर से आयोजित समूह गान प्रतियोगिता में मनु शिक्षा केंद्र राजबाग की टीम ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। यह टीम अब क्षेत्रीय स्तर पर बठिंडा पंजाब में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू के बाबा जीतो सभागार में आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मंडलायुक्त रमेश कुमार मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों से 20 स्कूलों की टीमों ने भाग लिया और दो देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए गए, जिसमें से एक हिंदी में और दूसरा संस्कृत में गाया गया। आयोजकों ने बताया कि भारत विकास परिषद एक सामाजिक सांस्कृतिक संगठन है, जिसका उद्देश्य ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों में देशभक्ति को बढ़ावा देना है। मुख्य अतिथि ने युवा छात्रों के बीच सकारात्मकता, देशभक्ति और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने और समाज की भलाई के लिए अपनी ऊर्जा को प्रसारित करने के लिए भारत विकास परिषद के प्रयासों की सराहना की।
उधर, मनु शिक्षा केंद्र राजबाग की चेयरपर्सन किरण परोच ने टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले जिला स्तर पर टीम का बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। उन्हें पूरा यकीन है कि विद्यार्थियों की यह टीम क्षेत्रीय स्तर पर भी जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन करेगी। इस दौरान भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष देवराज शर्मा और अध्यक्ष चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जम्मू अरुण गुप्ता मौजूद रहे।