सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग के विरोध में कठुआ-चन्नग्रां मार्ग जाम करती महिलाएं। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ-चन्नग्रां मार्ग पर वार्ड नंबर 17 के पास अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारे जाने से एक 60 वर्षीय वृद्धा के घायल हो जाने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान महिलाओं ने इस घटना के लिए मार्ग पर होने वाली व्यवसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग को जिम्मेदार ठहराते हुए उसे तुरंत हटाए जाने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कठुआ थाना पुलिस ने वहां होने वाली अवैध पार्किंग को हटाए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाएं सड़क से हट गई। इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग रही।
प्रदर्शन में शामिल पिंकी देवी ने बताया कि रविवार को सुबह उनकी सासू मां सड़क को पार कर रही थी। इस दौरान सड़क से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि सड़क पर होने वाली व्यवसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग के चलते सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं पड़ते और अक्सर लोग हादसे का शिकार होते हैं। पार्किंग करने वालों को जब मना किया जाता है तो वह अनसुना कर देते हैं। ऐसे में मजबूर होकर लोगों को सड़क जाम करना पड़ा है।
प्रदर्शन में शामिल आशा रानी ने कहा कि सड़क पर जिस तरह से भारी भरकम व्यवसायिक वाहनों को पार कर दिया जाता है। उससे गली से निकलने वाले लोगों को सड़क पर कौन सा वाहन आ रहा है कुछ भी नहीं दिखाई देता है। ऐसे में सड़क हादसे का लोग शिकार होते हैं। इस ओर न तो पुलिस ध्यान देती है और न ही कोई विभाग कोई कार्यवाही करता है।
उन्होंने कहा कि विभागों की अकर्मण्यता के चलते आज उन्हें सड़क पर उतर कर इसके खिलाफ प्रदर्शन किया है। अगर इसके बाद भी यहां पर इसी तरह से अवैध पार्किंग होती रही तो वह लोग चुप नहीं बैठेंगे। प्रदर्शन में सुनीता देवी, ज्योति बाला, शालू देवी, सत्या देवी आदि उपस्थित रही।