कठुआ। जिले में कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है। पूर्व विधान परिषद सदस्य सुभाष गुप्ता के इस्तीफे के बाद पूर्व डिप्टी स्पीकर जम्मू कश्मीर हैदर मलिक ने भी कांग्रेस को गुड बाय कह दिया है। बनी विधानसभा हल्के से विधायक रहे हैदर मलिक के कांग्रेस से इस्तीफे के बाद इलाके में राजनीति में भी बड़ा उलटफेर होने की संभावना है।
जिले में तीसरा इस्तीफा मंगलवार को पूर्व सरपंच और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री अराधना अंदोत्रा ने दिया है, लेकिन कांग्रेस की दिक्कतें यहीं खत्म होने वाली नहीं हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एक अन्य पूर्व मंत्री के इस्तीफे को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। वहीं जिले में कई सरपंच, पंच और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के इस्तीफे को लेकर भी बातें सामने आ रही हैं। उधर, कांग्रेस की जिला इकाई में सन्नाटा पसरा हुआ है।