कठुआ। जिले में शनिवार को कोरोना के 57 नए मामले सामने आए। बढ़ते संक्रमण के चलते प्रशासन ने सीएचसी नगरी परोल को कोविड अस्पताल और कठुआ इंजीनियरिंग कॉलेज को कोविड केयर सेंटर नोटिफाई कर दिया है।
कठुआ जिले में शनिवार को सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा 420 पहुंच गया है। कोरोना की दूसरी लहर में इसी सप्ताह छह लोगों ने अपनी जान कोरोना संक्रमण से गंवाई है जिनमें से पांच कठुआ जिले के निवासी हैं। शनिवार को पूर्व में संक्रमित पाए गए 30 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। शनिवार को संक्रमण के 57 नए मामलों में 47 सामुदायिक संक्रमण के हैं। कोरोना की दूसरी लहर के बीच संक्रमण के मामलों में जहां तेजी से उछाल जारी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने जांच प्रक्रिया को भी बढ़ा दिया है। शनिवार को जिला सचिवालय में भी रैंडम कोरोना जांच की गई है। इस दौरान काम से जिला सचिवालय पहुंचे एक एक दंपत्ति को संक्रमित पाया गया है जिन्हें घर में ही आइसोलेट होने की सलाह दी गई है। उधर, संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जीएमसी कठुआ में उपलब्ध कोरोना लेवल दो मरीजों के लिए 30 बेड में से 19 भर चुके हैं। जीएमसी में भर्ती 19 में से 12 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
सीएचसी नगरी परोल में 40 मरीजों की व्यवस्था होगी
कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के साथ ही प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती होने वाले लेवल दो कोरोना मरीजों के लिए सुविधा बढ़ाने की तैयारी पूरी कर ली है। अब तक जीएमसी कठुआ में ही लेवल दो के मरीजों को रखा जा रहा था जिन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत पड़ती थी। शनिवार को जीएमसी कठुआ के 30 में से 19 बेड पर मरीज भर्ती हो जाने के बाद प्रशासन ने सीएचसी नगरी परोल को भी कोविड अस्पताल नोटिफाई कर दिया है। इसमें तीस से चालीस मरीजों के लिए व्यवस्था की जा रही है। सीएचसी परोल में 3 वेंटीलेटर उपलब्ध हैं तो वहीं ऑक्सीजन सिलेंडरो से लैस बेड उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य विभाग इनकी संख्या बढ़ाने के साथ ही अतिरिक्त स्टाफ नियुक्त करने में जुट गया है। जिला प्रशासन ने कठुआ इंजीनियरिंग कॉलेज को भी कोविड केयर सेंटर नोटिफाई कर दिया है। ऐसे में अब जिले में 425 लोगों के लिए लेवल तीन कोविड केयर की व्यवस्था कर दी गई है। इनमें 175 बैड की सुविधा इंजीनियरिंग कॉलेज में उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 130 लोग वर्तमान में खरोट और पालीटेक्निक कॉलेज में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में रखे गए हैं।
सीटीएम कॉलोनी के पांच सौ मीटर का दायरा माइक्रो कंटेनमेंट जोन, लेकिन आदेश कागजों तक ही सीमित
कठुआ। कठुआ शहर से सटे और सघन आबादी वाली सीटीएम कॉलोनी के पांच सौ मीटर के दायरे को प्रशासन ने माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। प्रवासी कई लोगों को संक्रमित पाए जाने के बाद क्षेत्र से किसी भी व्यक्ति को आने जाने की अनुमति नहीं दी गई है। लेकिन चौबीस घंटे बीतने के बाद भी क्षेत्र में न तो माइक्रा कंटेनमेंट जोन का पोस्टर चस्पाया गया था और न ही पुलिस की ओर से भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा था। हैरत की बात थी कि कॉलोनी के बाहर भीतर जहां लोग दिन भर आ जा रहे थे वहीं कई लोग आसपास की दुकानों में भी भीड़ जुटाए नजर आए।