कठुआ। औद्योगिक क्षेत्र घाटी मार्ग पर रेलवे फाटक के नजदीक सड़क किनारे 28 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को जीएमसी कठुआ पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान संदीप कुमार पुत्र राजवीर सिंह निवासी श्यामपुर जट्ट, गाजियाबाद (उप्र) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में घाटी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रह रहा था। वीरवार को दोपहर बाद राहगीरों ने अचेत अवस्था में सड़क पर पड़े युवक को देखा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस चौकी घाटी को दी। चौकी प्रभारी दीपक कुमार ने शव को कब्जे में लेकर जीएमसी शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। संवाद