जिले भर में गठित छह बेंचों पर हुई सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले भर में चार अदालतों में छह बेंचों ने लोक अदालत के तहत लंबित मामलों में सुनवाई की गई। दिनभर चली लोक अदालत में अलग-अलग बेंचों कुल 2,19,11,300 रुपये की राशि के मामलों को आपसी सहमति से सुलझाया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की ओर से शनिवार को जिला कोर्ट परिसर के वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) केंद्र पर तीन बेंच स्थापित कर मामलों की सुनवाई की गई। लोक अदालत का आयोजन डीएलएसए के अध्यक्ष एवं जिला प्रधान सत्र न्यायाधीश जतिंद्र सिंह जम्वाल के मार्गदर्शन में किया गया। एडीआर सेंटर में कुल तीन बेंचों पर सुनवाई की गई। इसमें प्रधान सत्र न्यायाधीश जतिंद्र सिंह जम्वाल और अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीन पंडोह ने दुर्घटना, विवाह, प्री-लिटिगेशन और बैंक वसूली से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई।
दूसरी बेंच की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अजय शर्मा और मुंसिफ वीरेन मगोत्रा ने चेक बाउंस, समझौता योग्य आपराधिक मामले, पुलिस चालान, भरण-पोषण, घरेलू हिंसा और दीवानी मामले सुने गए। तीसरी बेंच जिला मोबाइल मजिस्ट्रेट (ट्रैफिक) और अधिवक्ता नैया शर्मा ने ट्रैफिक चालान मामलों पर सुनवाई की गई। इसके अलावा बिलावर में न्यायाधीश प्रशांत कुमार, हीरानगर में न्यायाधीश लक्ष्य बड़याल और अधिवक्ता नरेश गुप्ता और महानपुर में न्यायाधीश कंगना गुप्ता ने मामलों की सुनवाई की। डीएलएसए सचिव उर्वशी आर भार्गव ने बताया कि इन बेंचों ने विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निपटाने का प्रयास किया हैं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को त्वरित, सुलभ और कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराना है। यह वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को मजबूत करने और लंबित मामलों के बोझ को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।