कठुआ। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज महानपुर में एनएसएस इकाई ने शुक्रवार को महिला स्वास्थ्य विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया। शिविर के तीसरे दिन योग सत्र में महिला स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिया गया। इसमें व्यायाम, स्ट्रेचिंग, योगासन और प्राणायाम करवाया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को योग के महत्व की जानकारी दी। डॉ. रुपाली जसरोटिया ने महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, साफ-सफाई, प्रजनन स्वास्थ्य, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। साथ ही उन्होंने तनाव प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों के साथ नृत्य, पैदल चलना और योग जैसी शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर जोर दिया। चर्चा सत्र में एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपनी शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक समस्याओं को साझा किया। कार्यक्रम में 40 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लेकर योगासन, ध्यान एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।