कठुआ। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से कुल 10.18 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ नशा तस्कर नशे के कारोबार के लिए घूम रहे हैं। इसके बाद लखनपुर पुलिस ने वीरवार को कीडि़यां गंडियाल इलाके में नाका चेकिंग के दौरान दो नशा तस्करों को रोककर उनकी तलाशी ली। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच ग्राम हेरोइन जैसे प्रतिबंधित पदार्थ को बरामद किया। दोनों आरोपी नशा तस्करों की पहचान मोहम्मद यासिर पुत्र मोहम्मद यूसुफ निवासी जगतपुर कठुआ और मोहम्मद सादिक पुत्र मोहम्मद शफी निवासी लोहाई मल्हार के रूप में हुई है। वहीं अन्य मामला बीती देर शाम कठुआ का है। इसमें कठुआ पुलिस ने नशा तस्कर वसीम अकरम पुत्र अब्दुल मजीद निवासी करंडी कलां राजबाग को 5.18 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी नशा तस्करों के खिलाफ लखनपुर और कठुआ थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।