कठुआ। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की ओर से विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक औद्योगिक दौरा आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने औद्योगिक इकाई चिनाब टेक्सटाइल मिल्स (सीटीएम) का दौरा कर औद्योगिक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी हासिल की। पर्यावरण विज्ञान विभाग के कुल 60 विद्यार्थी औद्योगिक दौरे में शामिल रहे। इस दौरान छात्रों ने न केवल इकाई के उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और प्रबंधन प्रथाओं सहित अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी हासिल की, बल्कि विद्यार्थियों को इकाई के ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन की तकनीकों को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस मौके पर छात्रों को औद्योगिक संचालन और वास्तविक दुनिया के परिदृश्यों में अपने शैक्षणिक ज्ञान के अनुप्रयोग की स्पष्ट समझ हासिल की। कॉलेज प्रबंधन ने इस सहयोग और बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए सीटीएम प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। वही, औद्योगिक दौरा का समन्वय पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. दीपशिखा शर्मा के साथ-साथ विभाग की डॉ. रेणु गुप्ता और डॉ. प्रतियोगिता शर्मा की ओर से किया गया था। कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. सीमा जॉली ने विद्यार्थियों को समग्र शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए पर्यावरण विभाग के पहल की सराहना की है।