कठुआ। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की ओर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का मंगलवार को समापन हो गया। कार्यशाला का आयोजन जम्मू-कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (जेकेईडीआई) के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य उद्यमिता और व्यक्तिगत विकास के क्षेत्र में आवश्यक कौशल और ज्ञान के साथ-साथ युवाओं को सशक्त बनाना था। कार्यशाला में धीरज जेकेईडीआई की ओर से संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यवसाय योजना, बाजार विश्लेषण और वित्तीय प्रबंधन को लेकर अवगत करवाया। इसके अलावा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच टीम वर्क सहित समस्या समाधान के लिए कौशल प्रदान किया। वहीं, कार्यशाला के अंतिम दिन छात्रों की ओर से विभिन्न व्यावसायिक योजनाएं प्रस्तुत की गईं। इसमें व्यावसायिक अवसरों की पहचान करने, रणनीति विकसित करने और वास्तविक दुनिया में उद्यमियों के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान को उजागर किया गया।